BJP विधायक ने नायब तहसीलदार को पीटा, बीच सड़क हुआ हंगामा; दोनों के खिलाफ मामला दर्ज
सरगुजा। सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो ने समर्थकों के साथ उप तहसील राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ जमकर मारपीट कर दी है। नायब तहसीलदार ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया है, विधायक व समर्थकों ने राजपुर चौराहों में सबके सामाने उसके साथ पिटाई की, कपड़े फाड़ दिए और जमीन पर गिरा दिया। नायब तहसीलदार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कोतवाली ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 221, 221(1),132,191(2) के तहत जुर्म दर्ज किया है। विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच हुए तू तू मैं मैं के बाद हुई मारपीट की घटना घटी।
सरगुजा पुलिस ने इस मामले में नायब तहसीलदार के खिलाफ जमानती धाराओं में FIR दर्ज की है। नायब तहसीलदार के खिलाफ महिला ने जातिगत गाली गलौज, अश्लील इशारे करना और अभद्रता करते हुए धक्का मुक्की कर बलपूर्वक ऑफिस से बाहर निकालने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में जमानती धाराओं में एफआईआर की है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 296,351 (2) और 79 की धारा प्रभावी की है।
पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसूफ, नाजिम रजा तथा पंकज गुप्ता के साथ दस बारह अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है। सरगुजा पुलिस ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो एवं अन्य के ख़िलाफ़ बीएनएस की थारा 221,121(1),191(2) और 132 के तहत एफआईआर किया है।
घटनास्थल सीतापुर थाना क्षेत्र का है। विधायक की बहन ने सरकारी अफसर द्वारा बदसलूकी की शिकायत सीतापुर थाने में दर्ज कराई है। नायब तहसीलदार की शिकायत सीतापुर से 50 किलोमीटर दूर अंबिकापुर में शून्य पर दर्ज कराई गई है।
राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ स्थानीय विधायक और उनके उग्र समर्थकों द्वारा दफ्तर के भीतर और बाहर बर्बरतापूर्वक मारपीट किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि उग्र भीड़ ने कानून को ताक पर रखकर बीच-बचाव करने की कोशिशों के बावजूद नायब तहसीलदार के कपड़े तक फाड़ दिए।
विवाद के पीछे की वजह जमीन से जुड़े एक मामले की फाइल को लेकर बताया जा रहा है। दरअसल, सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने अपनी ज़मीन के काम को लेकर बीते 14 मई को राजापुर उप तहसील कार्यालय में एक आधिकारिक फाइल जमा की थी। पीड़ित महिला का आरोप है, नायब तहसीलदार और कार्यालय के बाबुओं द्वारा उन्हें पिछले कई दिनों से बिना वजह परेशान किया जा रहा था और काम करने के बजाय लगातार दफ्तर के चक्कर कटवाए जा रहे थे।
अपमानित महसूस होने के बाद सीमा धनकी ने तत्काल घटना जानकारी अपने भाई और स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो को दी। जैसे ही यह खबर विधायक के समर्थकों तक पहुंची, वे समर्थकों के साथ राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंचे। समर्थकों ने कार्यालय के भीतर प्रवेश किया और नायब तहसीलदार तुषार मानिक को पकड़ लिया। समर्थकों ने अधिकारी को केबिन से खींचकर बाहर निकाला और उनके साथ जमकर मारपीट की, जिसके कारण अधिकारी के कपड़े भी तार-तार हो गए।
छ.ग. कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ईकाई सरगुजा ने इस घटना को लेकर रोष व्यक्त किया है। सीएम सहित आला अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। संघ ने पत्र में लिखा है, कार्यालय, मैनपाट में तुषार मानिकपुरी, नायब तहसीलदार के कर्तव्य निर्वहन के दौरान रामकुमार टोप्पो, विधायक, विधानसभा क्षेत्र सीतापुर एवं उनके समर्थकों के द्वारा 27.मई .2026 को अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट किया गया है्र जिसकी हम लोग कडी निन्दा करते हैं और उचित एवं न्यायसंगत कार्यवाही की मांग करते हैं। ताकि भविष्य में इस प्रकार के घटना की पुनरावृत्ति न हो। उचित कार्यवाही नही होने की दशा में कनिष्ठ प्रशासनिक संघ, जिला सरगुजा सामुहिक रूप से हडताल में जाने हेतु बाध्य होंगे।