घर सजाने का कॉन्ट्रैक्ट लिया, 60 लाख लेकर हुए रफूचक्कर
बिलासपुर। घर के इंटीरियर डेकोरेशन का सपना देखना महंगा पड़ गया है। इसी के नाम पर बड़ी ठगी कर दी गई। ठग फरार हो चुके हैं और अब पुलिस जांच कर इनका सुराग जुटाने में व्यस्त है। एक युवक से ठेकेदारों ने इंटीरियर डेकोरेशन के नाम पर भारीभरकम राशि ली और चंपत हो गए हैं।
मामला छत्तीसगढ़ बिलासपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। ऋषभ बजाज (28 वर्ष) पिता सुमेश बजाज निवासी तिफरा बापजी नगर ने पुलिस को बताया, घर में इंटीरियर डेकोरेशन और सजावट का कार्य कराने के लिए पश्चिम बंगाल के राजेश मेहरा और सालू मेहरा से संपर्क किया था। दोनों के बीच इंटीरियर कार्य को लेकर अनुबंध हुआ था। फिर ठेकेदारों ने घर के इंटीरियर और डेकोरेशन का काम करने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में किस्तों में बड़ी रकम ली। भरोसा करके ठेकेदारों को करीब 60 लाख रुपये दिए गए, लेकिन तय समय में काम पूरा करना तो दूर, घर में कोई काम भी नहीं किया गया। पता चला कि वो भाग गए हैं और संपर्क करने पर भी बात नहीं हो पा रही है। तंग आकर युवक ने पुलिस की शरण ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
सकरी थाना क्षेत्र में ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के जरिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक व्यक्ति के खाते से कुल 68 हजार रुपये पार कर दिया। सकरी थाना क्षेत्र के ब्राम्हण मोहल्ला निवासी जितेन्द्र कुमार दुबे ने पुलिस में शिकायत की है, वह शेयर ट्रेडिंग का काम करता है। अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से गूगल पे और नेट बैंकिंग का उपयोग करता है। उसके कई बैंक खातों से डिजिटल लेन-देन होते हैं। 11 मई की सुबह लगभग 10:31 बजे 37 हजार रुपये एवं 10:32 बजे 31 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन ‘सोमेन घोष’ नाम से उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से हुआ। ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलने पर प्रार्थी ने अपने मोबाइल में उपलब्ध स्क्रीनशॉट और बैंक स्टेटमेंट की जांच की, जिसमें उसके खाते एवं गूगल पे से कुल 68 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने की जानकारी सामने आई। शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही है।