सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप, कर्मचारियों ने खोला मोर्चा; मारपीट के आरोपी विधायक की गिरफ्तारी की मांग
रायपुर। सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कनिष्ठ सेवा संघ ने मोर्चा खोल दिया है। आज से कलमबंद, कामबंद हड़ताल की शुरुआत कर दी है। संघ से जुड़े अधिकारी व कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेकर दफ्तर जाना बंद कर दिया है।
संघ ने मोर्चा खोलते हुए दोटूक कहा है, दोषियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ के आह्वान पर सुबह 10 बजे सभी जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। आंदोलन में प्रदेश के तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट शामिल हैं, जिससे राजस्व, न्यायालयीन और प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ का कहना है, 27 अप्रैल को अंबिकापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने से अधिकारियों में नाराजगी है। संघ ने विधायक की गिरफ्तारी और प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
आंदोलन को कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है, यदि सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदेशभर में शुरू हुए इस आंदोलन के चलते आम लोगों को राजस्व संबंधी सेवाओं और अन्य प्रशासनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बता दें, सरगुजा जिले में सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ तहसीलदार से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने गैर जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज किया है।
राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारी, विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीतापुर थाने का घेराव कर दिया था। नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ मारपीट मामले में राजस्व निरीक्षक संघ थाने पहुंचा और गिरफ्तारी मांग की। संघ ने कहा, दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे।
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन राजस्व संबंधी काम के सिलसिले में नायब तहसीलदार कार्यालय गई थी। नायब तहसीलदार कार्यालय पहुंची तो उनकी अधिकारी से बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि, नायब तहसीलदार ने फ़ाइल फेंक दी और अभद्रता करते हुए महिला को निकल बाहर कर दिया। जिसके बाद नायब तहसीलदार, विधायक और समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। मारपीट और अभद्रता की घटना के बाद दोनों पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।