रायपुर एयरपोर्ट से बड़ी अपडेट: पुणे, चेन्नई और दिल्ली की फ्लाइट्स कैंसिल, यात्रियों की बढ़ी परेशानी…

Flight-Runway-1024x479

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सफर करने वाले हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खबर आ रही है। अगर आप भी दोपहर के वक्त रायपुर से दिल्ली जाने की तैयारी में थे, तो अपनी टिकट का स्टेटस तुरंत चेक कर लीजिए। एयर इंडिया ने आज से रायपुर-दिल्ली रूट की अपनी दोपहर वाली फ्लाइट को हमेशा के लिए बंद कर दिया है।

सिर्फ एयर इंडिया ही नहीं, बल्कि इंडिगो एयरलाइंस ने भी रायपुर से चलने वाली अपनी कई मुख्य उड़ानों में बड़ी कटौती कर दी है। इस अचानक हुए फैसले से माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली और पुणे जैसे रूटों पर हवाई किराया आसमान छू सकता है।

एयरलाइंस कंपनियों की इस नई कैंची का असर सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के कई बड़े शहरों के सफर पर पड़ने वाला है। रायपुर एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक अब रायपुर-लखनऊ-भुवनेश्वर रूट पर फ्लाइट अब हफ्ते में सिर्फ 4 दिन ही आसमान में उड़ान भरेगी। वहीं रायपुर-पुणे-चेन्नई रूट पर जाने वाले यात्रियों को अब पूरे हफ्ते में केवल 3 दिन ही फ्लाइट की सुविधा मिल पाएगी।

कंपनियों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन (एविएशन टरबाइन फ्यूल) की कीमतों और रोजाना के ऑपरेशनल खर्चों के कारण उन्हें यह कड़ा फैसला लेना पड़ा है।

राहत की बात यह है कि रायपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। इस दोपहर की फ्लाइट के बंद होने के बाद भी रायपुर-दिल्ली रूट पर अलग-अलग समय पर अभी भी 8 फ्लाइट्स उड़ान भरती रहेंगी। इसलिए दिल्ली जाने वालों को ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा।

यात्रियों की जेब और समय पर इसका सीधा असर पड़ेगा। वीआईपी रोड स्थित रायपुर एयरपोर्ट पर आज सुबह से ही कई यात्री इस बदलाव को लेकर काउंटर पर पूछताछ करते दिखे।

जिन लोगों ने इस दोपहर की फ्लाइट में पहले से बुकिंग करा रखी थी, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। एयरलाइंस कंपनियों ने साफ किया है कि प्रभावित यात्रियों को दो विकल्प दिए जा रहे हैं। या तो वे अपनी यात्रा को किसी दूसरे समय पर री-शेड्यूल करा सकते हैं, या फिर बिना किसी कैंसलेशन चार्ज के अपना पूरा रिफंड (पैसा) वापस ले सकते हैं।

रीसेंट पोस्ट्स