‘जानलेवा’ होता स्काईवॉक! राहगीर पर गिरा लोहे का हिस्सा, बुधवार को कचहरी चौक में जनआक्रोश प्रदर्शन

skywalk1

रायपुर| राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन स्काईवॉक में भारी लापरवाही, तकनीकी खामियों और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में PWD के मुख्य अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। कांग्रेस ने आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले इस घटिया निर्माण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की है।

रायपुर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक शास्त्री चौक और घड़ी चौक के पास बना यह स्काईवॉक स्थानीय राहगीरों और वाहन चालकों के लिए अब सीधे तौर पर जानलेवा साबित हो रहा है। इसके नट-बोल्ट और लोहे के हिस्से टूटकर नीचे गिर रहे हैं, जिससे रोज़ाना हज़ारों की संख्या में गुज़रने वाले नागरिकों के सिर पर बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।

प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्काईवॉक पहले सिर्फ अनुपयोगी था, लेकिन अब यह पूरी तरह जानलेवा बन चुका है। अफसरों और ठेकेदार की साठगांठ के चलते बेहद घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे तेज हवा चलने पर भी स्ट्रक्चर हिलने लगता है। लंबे समय से खुले में पड़े रहने के कारण लोहे के ढांचों में जंग लग चुकी है और इसके पुर्जे नीचे गिर रहे हैं।

इस जानलेवा लापरवाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ शासन-प्रशासन को जगाने के लिए आगामी बुधवार (03 जून 2026) को शाम 4:00 बजे कचहरी चौक पर निर्माणाधीन ब्रिज के पास एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान नितिन ठाकुर, शरद गुप्ता, राजेश त्रिवेदी, देवेंद्र पवार, और प्रतीक तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस ने कचहरी चौक पर आगामी बुधवार (03 जून 2026) को शाम 4:00 बजे स्काईवॉक भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता (ब्रिज) एस. के. कोरी के नाम पर अधीक्षण अभियंता माहेश्वरी को निष्पक्ष जांच के लिए ज्ञापन सौंपा गया।

कांग्रेस कमेटी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि स्काईवॉक निर्माण की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच नहीं कराई गई और जनता की सुरक्षा पुख्ता नहीं की गई, तो इस आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। बुधवार को होने वाले इस प्रदर्शन के चलते कचहरी चौक के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है।

रीसेंट पोस्ट्स