गौठान में मिला पूर्व कांग्रेस नेता का शव, जमानत पर रिहा होने के बाद हुई संदिग्ध मौत…
कांकेर| कांकेर शहर में पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह संजय नगर स्थित गौठान परिसर में उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नवाज अली हाल ही में जेल से रिहा होकर लौटे थे।
हालांकि कुछ महीने पहले कोदागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। आरोप था कि उनकी कार की टक्कर से एक पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था।
मंगलवार सुबह उनका शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद परिवार और समर्थकों में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।