सुकमा के साडरापाल में प्रार्थना सभा के दौरान मारपीट, हालात संभालने पुलिस तैनात, गांव में तनाव का माहौल

sukma-news

रायपुर। बस्तर के सुकमा जिले के तोंगपाल में चल रही एक प्रार्थना सभा चल रही थी। सब कुछ ठीक चल रहा था कि अचानक किसी बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बात इतनी बढ़ी कि लाठी-डंडे चल गए।

इस खूनी झड़प में कई ग्रामीणों के सिर फट गए हैं और वे गंभीर रूप से घायल हैं। अचानक हुए इस हमले से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, साडरापाल गांव में एक घर के बाहर लोग प्रार्थना के लिए इकट्ठा हुए थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और किसी पुरानी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। हमले में महिलाओं और बुजुर्गों को भी चोटें आई हैं।

घटना की खबर मिलते ही तोंगपाल थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। घायल ग्रामीणों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के बाद से ही गांव में भारी तनाव है। माहौल को देखते हुए साडरापाल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरा गांव इस वक्त छावनी में बदल चुका है।