सोशल मीडिया पर लड़की बनकर करता था ठगी, युवकों को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी की पुलिस गिरफ्त में…

giraftar
राजनांदगांव| छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी पहले इंस्टाग्राम पर लड़की बनकर दोस्ती करता, फिर महिला की आवाज में बातचीत कर भरोसा जीतता और बाद में पैसों की मांग करता था। पैसे नहीं मिलने पर वह धमकी, गाली-गलौज और ब्लैकमेलिंग का सहारा लेता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना लालबाग क्षेत्र की एक युवती को फोन कर उसके पिता के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की झूठी जानकारी दी गई। युवती द्वारा सूचना को गलत बताए जाने पर कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। बाद में युवती के पिता ने संपर्क किया तो आरोपी ने उन्हें भी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलने के बाद लालबाग पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर जांच शुरू की। जांच में आरोपी की लोकेशन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम विष्णुपुर में मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर दीपक कुमार बघेल (22) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल संचालित कर रहा था। वह युवकों को दोस्ती और प्रेमजाल में फंसाकर उनसे पैसों की मांग करता था। विरोध करने वालों को अश्लील संदेश भेजने, धमकाने और ब्लैकमेल करने का भी काम करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

रीसेंट पोस्ट्स