दबंगों की गुंडागर्दी, सरेआम युवती से दुर्व्यवहार, बचाव में आए भाई को आरोपियों ने बेरहमी से पीटा

maarpeet

सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ अंबिकापुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के केदारपुर इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर दिल दहल उठेगा। बदमाशों ने सरेराह एक युवती के साथ बदसलूकी और उसके भाई के साथ जमकर मारपीट की है। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

24 वर्षीय युवती अपने भाई के साथ दवा लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में स्कूटी सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने युवती को जबरन खींचने की कोशिश की और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं।

युवती के भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसी पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान बहन अपने भाई को छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी लगातार मारपीट करते रहे।

घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है। फुटेज में आरोपियों की हरकतें कैद होने की बात कही जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अतुल ताम्रकार समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स