नौकरी के नाम पर जाल, सुकमा की युवती को रायपुर बुलाकर बंधक बनाया; तीन आरोपियों पर FIR…

FIR
रायपुर| राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से पैसे वसूलने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। सुकमा की रहने वाली युवती को रायपुर बुलाकर नौकरी और ट्रेनिंग का लालच दिया गया। बाद में बेहतर पद और अधिक वेतन का प्रलोभन देकर उससे 46 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर युवती को बंधक बनाकर रखा गया और लगातार दबाव बनाया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सुकमा जिले के मस्तानपारा निवासी आयतु राम बेसरा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी साली किरण नाग रोजगार की तलाश में रायपुर आई थी। 11 जून को वह खमतराई स्थित श्रीनगर रोड के एक ट्रेनिंग सेंटर पहुंची, जहां इंटरव्यू लेकर उसे नौकरी का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान उसके शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड और फोटो भी जमा करा लिए गए।
शिकायत के अनुसार, युवती से रहने और भोजन की व्यवस्था के नाम पर 2500 रुपये लिए गए। चार दिनों की ट्रेनिंग के बाद उसे बताया गया कि उसका चयन हो चुका है। इसके बाद सेंटर संचालकों ने 15 हजार रुपये मासिक वेतन वाली बेहतर नौकरी दिलाने के लिए 46 हजार रुपये जमा करने की शर्त रख दी।
परिजनों का आरोप है कि रकम की व्यवस्था करने के लिए युवती पर लगातार दबाव बनाया गया। युवती द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपियों ने कम वेतन वाली नौकरी का विकल्प बताते हुए भी पैसे जमा कराने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, जमीन-जायदाद बेचकर या गिरवी रखकर रकम जुटाने की सलाह भी दी गई।
बताया गया कि युवती के पिता और ससुराल पक्ष ने गांव की जमीन गिरवी रखकर 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों द्वारा शेष 31 हजार रुपये जमा कराने के लिए लगातार दबाव बनाया जाता रहा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे केवल पैसों की मांग के लिए ही मोबाइल इस्तेमाल करने दिया जाता था। बाकी समय उसका मोबाइल उपयोग सीमित रखा जाता था और नौकरी नहीं लगाने की धमकी देकर उसे डराया जाता था। मामले की जानकारी मिलने पर 17 जून को परिजन और पुलिस रायपुर पहुंचे। पूछताछ में युवती ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद खमतराई पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।