करोड़ों की ठगी का खुलासा: 2 करोड़ की शक्कर लेकर फरार हुए बाप-बेटे, 8 व्यापारी बने शिकार

fraud
रायगढ़| राजधानी रायपुर और रायगढ़ में व्यापारिक जगत को झकझोर देने वाला करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रायगढ़ के कालिंदी कुंज निवासी बाप-बेटे की जोड़ी पर आठ व्यापारियों से शक्कर का माल लेकर 2 करोड़ 1 लाख 36 हजार 633 रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मामले में रायपुर के खमतराई थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजेश कुमार अग्रवाल और उनका बेटा शैलेश अग्रवाल खुद को बड़े ट्रांसपोर्ट और कोल्ड स्टोरेज कारोबारी के रूप में प्रस्तुत करते थे। उन्होंने व्यापारियों को अपने प्रभाव, संपन्नता और बड़े व्यापारिक नेटवर्क का भरोसा दिलाकर शक्कर की बड़ी खेप उधार में मंगवाई, लेकिन भुगतान नहीं किया।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, मुख्य आरोपी राजेश कुमार अग्रवाल खुद को महावीर ट्रांसपोर्ट और चंदगीराम कोल्ड स्टोरेज जैसे प्रतिष्ठानों का संचालक बताता था। वह रायपुर के रामसागरपारा स्थित एक होटल में ठहरकर व्यापारियों से मुलाकात करता और बड़े ऑर्डर, त्वरित भुगतान तथा लंबे व्यावसायिक संबंधों का भरोसा दिलाता था।
आरोपियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि शक्कर की खेप रायगढ़ पहुंचने के तीन से चार दिनों के भीतर पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। इसी भरोसे में आकर व्यापारियों ने बिना किसी अग्रिम राशि के माल भेज दिया।
शिकायत के अनुसार, शक्कर की खेप रायगढ़ पहुंचते ही आरोपियों ने भुगतान टालना शुरू कर दिया। पहले विभिन्न बहाने बनाए गए, फिर फोन उठाना बंद कर दिया गया और बाद में व्यापारियों के नंबर तक ब्लॉक कर दिए गए। इतना ही नहीं, उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से भी हटा दिया गया।
जब लंबे समय तक भुगतान नहीं मिला तो व्यापारियों को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद सभी पीड़ित व्यापारी एकजुट होकर पुलिस की शरण में पहुंचे।