कानून का मजाक उड़ाती रील! हथकड़ी में पुलिस वैन से वीडियो बनाकर लिखा- ‘आज जेल, कल बेल, फिर वही खेल’
भिलाई। सड़क पर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार युवक का पुलिस हिरासत में बनाया हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में आरोपी पुलिस वैन के अंदर हथकड़ी पहने रील बनाता और कानून को खुली चुनौती देता नजर आ रहा है।
सुपेला थाना क्षेत्र में बिना नंबर की बाइक से खतरनाक स्टंट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने मोबाइल से वीडियो रील बनाई।
वायरल वीडियो में आरोपी हथकड़ी दिखाते हुए विक्ट्री साइन बनाता और हंसता हुआ दिख रहा है। उसने रील के साथ कैप्शन लिखा— `आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल`। वीडियो में आरोपी के चेहरे पर कानून का कोई डर नजर नहीं आ रहा।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस वैन के भीतर आरोपी के पास मोबाइल कैसे पहुंचा और उसे वीडियो बनाने का मौका कैसे मिला।
इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस वैन में हथकड़ी पहने रील बनाने वाले इस आरोपी के खिलाफ भिलाई पुलिस क्या कार्रवाई करती है।