सरपंचों का बड़ा विरोध: 34 पंचायतों ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी, जानिए पूरा मामला

isteefa
जगदलपुर| बास्तानार जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं कराए जाने से सरपंचों में गहरी नाराजगी है। सरपंच संघ ने प्रशासन से प्रत्येक पंचायत में कम से कम तीन विकास कार्यों को स्वीकृति देने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 34 ग्राम पंचायतों के सरपंच सामूहिक इस्तीफा दे देंगे।
सरपंच संघ का आरोप है कि पंचायत चुनाव के बाद से विकास कार्यों के लिए पर्याप्त फंड जारी नहीं किया गया है, जिसके कारण कई आवश्यक योजनाएं ठप पड़ी हुई हैं। संघ ने मांग की है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में 300 मीटर सीसी रोड, 3 मीटर की पुलिया और 5 लाख रुपये तक की लागत वाला सामुदायिक भवन निर्माण कार्य स्वीकृत किया जाए।
सरपंचों का कहना है कि इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर चक्का जाम जैसे आंदोलन किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि एक महीने के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो 5 से 10 जुलाई के बीच जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
सरपंच संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के बाद भी यदि कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो बास्तानार जनपद की सभी 34 ग्राम पंचायतों के सरपंच सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
इधर, मामले पर डिप्टी कलेक्टर सीपी बघेल ने कहा कि सरपंचों की मांगों और शिकायतों से कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा। साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों में अब तक कराए गए विकास कार्यों और उपलब्ध कराई गई राशि की विस्तृत जानकारी भी जुटाई जाएगी।

रीसेंट पोस्ट्स