परिजनों के साथ समझौते के लिए पहुंची पत्नी, पति ने दे दिया तीन तलाक; आरोपी युवक पर केस दर्ज
सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ अंबिकापुर में मुस्लिम युवक ने अपनी पत्नी को सार्वजनिक तौर पर तीन तलाक दे दिया। पत्नी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने की शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई थी। मामले में समझौता करने के लिए वह अपने परिजनों के साथ पति के घर गई थी, जहां पति ने उसे साथ रखने से इनकार करते हुए तीन तलाक दे दिया। तीन तलाक देने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मोमिनपुरा निवासी सहाना बानो (31 वर्ष) का निकाह 18 जून 2022 को सदर रोड निवासी युवक सोएब खान के साथ हुआ था। शादी के तीन माह महीने बाद ही पति उसे कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शिकायत में सहाना बानो ने बताया है, परिजनों ने उसे पूरा घरेलू सामान एवं तीन लाख रुपये कैश दिया था। पति दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
सहाना बानो की बेटी हुई, तो पति के साथ विवाद बढ़ गया। प्रताड़ना से परेशान होकर कुछ महीने पहले सहाना बानो अपने मायके में रह रही है। उसने परेशान होकर महिला थाने में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना पुलिस ने काउंसिलिंग के लिए बुलाया था।
सहाना बानो ने बताया, 06 जून को परिवार के सदस्य जान मोहम्मद, समीर अंसारी सहित मोहल्ले के रज्जाक अंसारी, कलीम अंसारी सहाना बानो एवं बच्ची को लेकर सोएब के घर गए थे और समझौते का प्रयास किया। परिजनों ने समझाइश देकर मां-बेटी को साथ रखने के लिए कहा। समझाइश के बाद भी सोएब उन्हें साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुआ और उसने सार्वजनिकतौर पर सहाना बानो को तीन बार तलाक बोल दिया।
दोनों परिवारों में समझौता नहीं हुआ तो सहाना बानो ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने सोएब खान के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।