शराब दुकान में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का खेल! भर्ती के फर्जी मैसेज और नियुक्ति पत्र से लोगों को बनाया शिकार, पुलिस ने ऐसे किया गिरोह का भंडाफोड़
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शराब दुकान में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने सुपरवाइजर, सेल्समैन के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ितों को फर्जी नियुक्ति पत्र थमाए थे। पीड़ितों की शिकायत पर योगेश साहू, दिलीप यादव को पकड़ा गया है।\
जानकारी के मुताबिक,जांजगीर-चांपा निवासी शिवधन सागर ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सितंबर 2025 में उसके मोबाइल पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों की शासकीय शराब दुकानों में सुपरवाइजर व सेल्समैन के पदों पर भर्ती संबंधी मैसेज आया था। मैसेज में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर योगेश साहू ने खुद को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा व्यक्ति बताया और पीड़ित को रायपुर बुलाया।
योगेश ने पीड़ित व उसके परिचितों को नौकरी का झांसा देकर प्रत्येक व्यक्ति से 1,50,000 की मांग की। झांसे में आकर पीड़ित व उसके साथियों ने किस्तों में फोन-पे के माध्यम से कुल 3 लाख दे दिए। योगेश साहू द्वारा शुरू में दो युवकों को जिला कोरबा स्थित मदिरा दुकान के नाम से नियुक्ति पत्र दिया गया।
जांच करने पर वे नियुक्ति फर्जी पाए गए। इस संबंध में पूछताछ करने पर योगेश ने रकम वापस करने व अन्य स्थान पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। बाद में उसने अपने साथी दिलीप यादव से मिलवाकर उसे एक निजी कंपनी का हेड बताते हुए जांजगीर-चांपा जिले की शराब दुकान में नौकरी लगवाने का विश्वास दिलाया।
दिलीप यादव ने भी पीड़ित से फोन-पे व नगद के माध्यम से 1,50,000 अतिरिक्त प्राप्त कर लिए, किन्तु न तो नौकरी दिलाई और न ही कोई नियुक्ति आदेश प्रदान किया। बार-बार पैसा मांगने पर दोनों आरोपी टालमटोल करते रहे तथा न तो नौकरी उपलब्ध कराई और न ही प्राप्त की गई राशि वापस की। इस प्रकार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 4,50,000 की धोखाधड़ी की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में धारा 318(4), 336(3) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
थाना खम्हारडीह के नेतृत्व में टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। टीम द्वारा आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। साथ ही आरोपी योगेश साहू व दिलीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब दुकानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
01. योगेश साहू पिता घनाराम साहू उम्र 27 साल निवासी फूलवारी थाना सुहेला जिला बलौदा बाजार। हाल पता – शिवानंद नगर सेक्टर 3 थाना खमतराई रायपुर।
02. दिलीप यादव पिता अर्जुन यादव उम्र 32 साल निवासी कैलाश नगर बीरगांव थाना उरला रायपुर