हनीट्रैप का जाल: घर बुलाकर युवक को शराब पिलाई, अश्लील फोटो से छह महीने तक ब्लैकमेल कर वसूले 2.17 लाख
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हनीट्रैप कर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। दो महिलाओं ने पहले युवक को अपने घर बुलाया, फिर जमकर शराब पिलाई और नशे में युवक की अश्लील फोटो खींचकर 6 महीनों तक ब्लैकमेल किया। महिलाओं की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज करवाई है। पीड़ित की शिकायत पर मामले में आगे की जांच-कार्रवाई की जा रह है।
जानकारी के मुताबिक, ये पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है। बीरगांव गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार ने अपनी शिकायत में बताया कि गुढ़ियारी के अशोक नगर, श्मशान घाट निवासी मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से उसकी जान पहचान थी।
6 जनवरी 2026 को मांगेश्वरी ने फोन कर दुलीचंद को अपने घर बुलाया था। इस दौरान मांगेश्वरी ने अपनी एक महिला मित्र को भी वहां बुलाया था। दोनों महिलाओं ने दुलीचंद को जमकर शराब पिलाया। शराब का नशा होने के बाद पीड़ित वहीं सो गया। पांच घंटे बाद जब उठा तो खुद को बिना कपड़े के पाया, जिसके बाद वो कपड़े पहनकर वहां से चला गया।
दो दिनों बाद मांगेश्वरी सिंह ने फोन कर दुलीचंद को फिर से अपने घर बुलाया। दुलीचंद जब महिला के घर पहुंचा तो उसने अपनी सहेली के साथ उसकी आपत्तिजनक तस्वीर दिखाई। इतना ही नहीं महिला ने फोटो को वायरल करने की धमकी देकर दुलीचंद से 50 हजार की मांग की।
बदनामी के डर से पीड़ित ने ऑनलाइन ट्रांसफर कर 50 हजार दे दिए। इसके बाद महिला के हौसले और बढ़ गए। पीड़ित को ब्लैकमेल कर फरवरी से जून तक अलग अलग किस्तों में 48 हजार, 45 हजार, 46-46 हजार और 30 हजार की वसूली की। इसके बाद भी महिला ने और रूपए की मांग की। रूपए नहीं देने पर फोटो को वायरल करने की धमकी दी गई।
महिला की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने इसकी शिकायत गुढ़ियारी थाने में दर्ज करवाई। पीड़ित की शिकायत दर्ज कर मामले में आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।