शनिवार को सुबह की शिफ्ट में स्कूल संचालन की मांग, शिक्षा विभाग को फेडरेशन का ज्ञापन
रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने स्कूल शिक्षा विभाग से शनिवार को प्रातःकालीन पाली में शाला संचालन की अनुमति प्रदान करने की मांग की है। साथ ही युक्तियुक्तकरण एवं संकुल व्यवस्था के अनुरूप प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की समय-सारिणी में एकरूपता सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में फेडरेशन ने विभाग को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए आवश्यक निर्देश शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया है।
फेडरेशन ने ज्ञापन में कहा है कि युक्तियुक्तकरण एवं संकुल स्तरीय व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के अधिकांश प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से संबद्ध होकर संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद विभिन्न स्तरों के विद्यालयों के लिए अलग-अलग समय-सारिणी निर्धारित होने से शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं प्रबंधन संबंधी अनेक व्यावहारिक कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं। साथ ही विभाग द्वारा पूर्व में जारी विद्यालय संचालन संबंधी आदेशों एवं वर्तमान समय-सारिणी के कारण भी विद्यालयों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
फेडरेशन ने बताया कि वर्तमान में विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी नियमित शिक्षण कार्य के साथ-साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, ऑनलाइन कार्य, अभिलेखों के संधारण, परीक्षा संबंधी दायित्वों, वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों, संकुल स्तरीय समन्वय, पालक-शिक्षक बैठकों तथा अन्य शासकीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। अलग-अलग समय-सारिणी होने के कारण इन सभी कार्यों का समन्वित एवं प्रभावी संचालन प्रभावित होता है।
फेडरेशन का कहना है कि यदि शनिवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का संचालन भी प्रातःकालीन पाली में किया जाए तथा प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की समय-सारिणी में एकरूपता लाई जाए, तो विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके विपरीत विद्यालयों को प्रशासनिक कार्यों, शैक्षणिक समीक्षा, संकुल स्तरीय बैठकों, विभागीय प्रतिवेदनों, अभिलेखों के संधारण, आगामी सप्ताह की शैक्षणिक योजना एवं अन्य आवश्यक विभागीय कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध होगा। इससे विद्यालय प्रबंधन की कार्यकुशलता, प्रशासनिक दक्षता तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने राज्य शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में भी शनिवार को प्रातःकालीन शाला संचालन की अनुमति प्रदान की जाए तथा प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की समय-सारिणी में आवश्यक एकरूपता सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र आवश्यक आदेश जारी किए जाएँ।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने विश्वास व्यक्त किया है कि जनगणना संचालन निदेशक एवं राज्य शासन कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।