अंग्रेजी शराब दुकान में लाखों की हेराफेरी, फरार सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज…
सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर के विदेशी मदिरा दुकान में लाखों रुपये की गड़बड़ी सामने आई है। ऑडिट के दौरान खुलासा हुआ, सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव ने 7 लाख 59 हजार 720 रुपए का गबन कर लिया। इसके बाद से सुपरवाइजर फरार हो गया है। आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार राजवाड़े की शिकायत पर बसंतपुर थाने में सुपरवाइजर लालबिहारी यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) और 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज किया है।
आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार राजवाड़े ने बताया, 1 मई 2026 से 11 जून 2026 तक ऑडिटर द्वारा शराब दुकान वाड्रफनगर का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन और प्रतिदिन की बैंक जमा राशि के मिलान में सामने आया, सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव ने 7 लाख 59 हजार 720 रुपये की राशि बैंक में कम जमा की है। लाल बिहारी यादव 10 जून 2026 से बिना किसी सूचना और बिना अवकाश लिए दुकान से अनुपस्थित है। दुकान में कार्यरत अन्य सेल्समैन और मल्टीवर्कर से पूछताछ में पता चला कि सुपरवाइजर ही स्टॉक रजिस्टर मेंटेन करता था और प्रतिदिन की बिक्री राशि का हिसाब रखकर कैश कलेक्शन एजेंसी को सौंपता था। आरोपी के घर पर पता करने पर वह नहीं मिला। मोबाइल भी बंद आ रहा है।
लाल बिहारी यादव ने शराब बिक्री से प्राप्त 7,59,720 रुपये की राशि बैंक में जमा नहीं कर बेईमानी पूर्वक शासन के राजस्व को क्षति पहुंचाई और धोखाधड़ी की है। आबकारी उपनिरीक्षक ने आवेदन के साथ एक मई से 15 जून 2026 तक की जमा पर्ची, स्टॉक रिपोर्ट, जमा पर्ची, स्टॉक रजिस्टर, निरीक्षण पुस्तिका की फोटोकॉपी सहित 12 दस्तावेज पुलिस को सौंपा है।