पहली ही बारिश ने खोली निर्माण की पोल, डायवर्सन धंसने से NH पर लंबा जाम…

traffic jaam

सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून की तेज बारिश के बीच डायवर्सन के धसकने के कारण अंबिकापुर-रामानुजगंज नेशनल हाईवे पर घंटों आवागमन ठप रहा। बलरामपुर- रामानुजंगज नेशनल हाईव में पस्ता के पास पुलिया निर्माण के लिए डायवर्सन बनाकर, वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। इसी डायवर्सन का एक हिस्सा आज सुबह धसक गया। धंसे डायवर्सन में ट्रेलर फंस गया। इसके कुछ ही मिनटों बाद एनएच के दाेनों किनारे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। एनएच में घंटों जाम की स्थिति बनी रही।

पुलिया निर्माण के कारण मुख्य मार्ग को बंद कर वाहनों के आने-जाने के लिए डायवर्सन का निर्माण किया गया है। इस इलाके में सोमवार शाम से हो रही तेज बारिश के कारण मंगलवार तड़के डायवर्सन का एक अचानक धंस गया। इसी दौरान डायवर्सन से ट्रेलर गुजर रहा था। गड्ढे में ट्रेलर फंस गया। इसके चलते मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सुबह से ही ट्रक, ट्रेलर ,बस और अन्य मालवाहक तथा यात्री वाहन जाम में फंसे रहे। एनएच पर घंटो जाम लगा रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून से पहले ही डायवर्सन की गुणवत्ता को लेकर आशंका जताई जा रही थी। पहली तेज बारिश में डायवर्सन धंस गया। कच्चे और कमजोर डायवर्सन पर भारी वाहनों का दबाव और बारिश के पानी के जमाव के कारण यह धंसकने लगा है। एनएच जाम होने की सूचना के तुरंत बाद पस्ता पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। निर्माण एजेंसी से एक्सीवेटर मंगाकर सबसे पहले गड्ढे में फंसे ट्रेलर को बाहर निकालने का काम किया गया। धंसी हुई सड़क को मुरुम और बोल्डर से भरकर समतल करने का काम किया गया। अब से कुछ देर पहले एनएच पर आवागमन शुरू हो गया है।