मानसून सत्र को लेकर हाई अलर्ट: अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, इन शर्तों पर ही मिलेगी छुट्टी
सक्ती| आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र को देखते हुए कई जिलों में प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। विधानसभा का दशम सत्र 13 जुलाई 2026 से शुरू हो रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सत्र समाप्त होने तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने तथा मोबाइल फोन पर उपलब्ध रहने के निर्देश जारी किए हैं।
सक्ती जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार विधानसभा सत्र की अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को नियमित अवकाश नहीं दिया जाएगा। सभी विभाग प्रमुखों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का अवकाश स्वीकृत न करें। यदि किसी कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक कारणों से अवकाश की जरूरत होती है, तो उसका प्रस्ताव विभाग प्रमुख के माध्यम से कलेक्टर के पास भेजा जाएगा और अनुमति मिलने के बाद ही अवकाश स्वीकृत होगा।
इसी तरह मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में भी प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने 13 से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले विधानसभा मानसून सत्र के दौरान सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं।
आदेश में कहा गया है कि विधानसभा सत्र के दौरान जिले से जुड़े प्रश्नों के समयबद्ध और तथ्यात्मक उत्तर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि किसी भी प्रशासनिक कार्य में बाधा न आए।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अपरिहार्य परिस्थितियों में अवकाश लेना हो या मुख्यालय छोड़ना हो, तो इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्ष एवं सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना स्वीकृति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।