अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा: टोनही बताकर ससुर ने विधवा बहू को उतारा मौत के घाट, ससुर की हैवानियत से दहला इलाका

jadu tona
जशपुर| जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव में अंधविश्वास से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। टोनही (जादू-टोना) होने के शक में एक व्यक्ति ने अपनी ही विधवा बहू की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका नबिना राठिया घटना के समय अपने घर के आंगन में थी। इसी दौरान उसके ससुर सुखसिंह राठिया (50) ने उसे टोनही बताकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी घर के भीतर गया और लकड़ी का मोटा डंडा लेकर लौट आया। इसके बाद उसने महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पत्थलगांव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुखसिंह राठिया ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसे संदेह था कि उसकी विधवा बहू उसके बच्चे पर जादू-टोना करती है। इसी अंधविश्वास और गुस्से में उसने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया।
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधविश्वास के भयावह परिणामों को सामने लाती है, जहां निराधार शक और कुप्रथा ने एक महिला की जान ले ली।