वेदांता हादसे पर घिरी सरकार, सदन में विपक्ष का हंगामा और वॉकआउट, अनिल अग्रवाल की गिरफ्तारी की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में हादसा और कार्रवाई को लेकर सदन में गर्मागर्म बहस छिड़ गई। नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत के सवाल के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार को घेरते हुए कहा, वेदांता के एमडी के खिलाफ एफआईआर सरकार दबाव बनाना चाह रही है। आरोप लगाया है, सरकारी चाहती है, वे अपना कारोबार समेटकर यहां से चले जाए। इसी बात को लेकर सदन में विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की और बर्हिगमन कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष जब सवाल करने के लिए उठे उसी वक्त, विधायक अजय चंद्राकर ने कहा, नेताजी आज तो कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लाने वाली है, फिर सवाल क्यों। उनका इतना कहना था, हाजिर जवाबी डाॅ महंत ने चुटकी लेते हुए कहा, लगता है आपको दिनभर चढ़ी रहती है। इसी नोकझोंक के बाद डॉ महंत सीधे सवाल पर आ गए और विभागीय मंत्री से औद्योगिक प्रतिष्ठानों में दुर्घटना के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे। फिर उन्होंने कहा, सक्ती में वेदांता में 25 की मौत हो गई है सात अभी भी घायल है जिनको दोषी पाए गए उनकी संख्या आपने दो बताया है, ,मेरी जानकारी में आप गलत जानकारी दे रहे हैं। तब मंत्री लखन देवांगन ने कहा, जानकारी छिपाई नहीं जा रही है, सदन में बता रहा हूं, वेदांता के एमडी अनिल अग्रवाल व दो अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। डॉ महंत ने पूछा, वेदांता के एमडी अनिल अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है। मंत्री ने कहा विवेचना चल रही है। विवेचना का अर्थ क्या है। डॉ महंत के सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। डॉ महंत ने पूछा, सात अलग-अलग जांच चल रही है, क्या हो रहा है बताएंगे क्या।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, किसी और को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार वेदांता के एमडी अनिल अग्रवाल पर दबाव बना रही है। पूर्व सीएम ने उद्योग मंत्री से पूछा, जिन-जिन प्रतिष्ठानों में घटनाएं हुई, सभी डायरेक्टर के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। पूर्व सीएम ने पूछा,सरकार बनने के बाद जितनी औद्योगिक घटनाएं घटी है डायरेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करेंगे क्या। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की और सरकारी रवैये का विराेध करते हुए बर्हिगमन कर दिया।