रायपुर में फ्लाईओवर पर कार हुई अनियंत्रित, कई लोगों को टक्कर मारने के बाद महिला ड्राइवर पुलिस हिरासत में

road_accident_news_1715801879-30

रायपुर: राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित आमानाका ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार कार ने कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज एम्स (AIIMS) रायपुर में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला चालक को कार समेत हिरासत में ले लिया। हादसे में कई बाइक और अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।