शिक्षकों की हड़ताल समाप्त: सरकार के आश्वासन पर लिया फैसला, 5 सितंबर तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम, नहीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ अतिथि शिक्षकों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी हैं। मालूम हो कि समान काम, समान वेतन, 12 महीने का वेतन, मातृत्व अवकाश समेत अन्य मांगों को लेकर अतिथि शिक्षक पिछले 24 दिनों से दुर्ग में धरना दिए हुए थे।
आज अतिथि शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने दुर्ग में ही प्रेसवार्ता कर आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी दी हैं कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे सभी फिर से 5 सितंबर के बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के अतिथि शिक्षक बीते 24 दिनों से संविलियन, सेवा सुरक्षा, समान वेतन और मानदेय बढ़ाने को लेकर दुर्ग जिले में प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार की सुबह दुर्ग पुलिस धरना स्थल पहुंची थी और प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन समाप्त करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद शिक्षकों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निवास का घेराव भी किया था।
बता दें कि हड़ताल कर रहे अतिथि शिक्षकों को सरकार ने गुरुवार को निर्देश जारी कर कड़ी चेतावनी दी थी। सत्र के शुरूआत में ही पढ़ाई ठप होने पर छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कड़ा निर्देश जारी किया हैं। सरकार ने साफ कहा हैं कि 27 जुलाई तक सभी अतिथि शिक्षक हड़ताल खत्म कर काम पर लौट आएं। स्कूल नहीं लौटे तो ऐसे शिक्षकों की सेवा को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने शाला प्रबंध समिति को निर्देश देते हुए कहा हैं कि 27 जुलाई तक अतिथि शिक्षकों को ड्यूटी जाॅइन कराएं। काम पर नहीं लौटने पर कंडिका 7.3 के तहत शिक्षकों पर गाज गिरेगी।
लोक शिक्षक संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा…
”राज्य अंतर्गत शासकीय शालाओं में अध्यापन व्यवस्था के तहत् कार्यरत अतिथि शिक्षक विगत दिवसों से हड़ताल पर है। फलस्वरूप सत्र की शुरूवात से ही शालाओं में अध्यापन कार्य प्रभावित हो रहा है। यह छात्र-छात्राओं के हित में नहीं है।
संबंधित अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था संदर्भित पत्र द्वारा जारी निर्देशों के तहत् शाला प्रबंध समिति द्वारा की गई है। वर्तमान में हड़तालस्त अतिथि शिक्षकों को 27.07.2026 तक कार्यरत संस्था में छात्रों के हित को दृष्टिगत रखते हुये अध्यापन कार्य पर लौटने हेतु शाला प्रबंध समिति के द्वारा निर्देशित किया जावे।
यदि नियत तिथि के भीतर संबंधित अतिथि शिक्षक कार्य पर वापस नहीं आते हैं तो संदर्भित पत्र की कंडिका 7.3 अनुसार संबंधितों की अध्यापन व्यवस्था तत्काल समाप्त किया जाएँ”