प्रिंसिपल पर महिला सहकर्मी से यौन संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप, विभाग की चुप्पी के बाद पुलिस में शिकायत

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। हायर सेकेंडरी के प्राचार्य पर महिला सहकर्मी ने शारीरिक संबंध का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। महिलाकर्मी ने इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की थी, लेकिन इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई। इस बात से दुखी पीड़िता ने अब इसकी शिकायत थाने में दर्ज करवाई है। फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है। प्राचार्य का नाम अनंत कुमार है।
दरअसल, ये पूरा मामला बलरामपुर जिले के बसंतपुर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का है। प्राचार्य अनंत कुमार यादव इसी स्कूल में पदस्थ हैं। महिला सहकर्मी की शिकायत के मुताबिक प्राचार्य अनंत कुमार के द्वारा लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला जा रहा है।
प्राचार्य की हरकतों से परेशान महिलाकर्मी इसकी शिकायत पूर्व में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी से की थी, लेकिन मामले में किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं विभाग के अधिकारियों द्वारा मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
कार्रवाई नहीं होने पर प्राचार्य के हौसले और बुलंद हो गए और उनके द्वारा लगातार दबाव बनाया जाने लगा। इस बात से परेशान महिलाकर्मी ने अब बसंतपुर थाने में दर्ज करवाई है। पीड़िता की शिकायत पर मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।
इधर, मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता को जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। साथ ही पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि इससे पहले भी प्राचार्य अनंत कुमार के खिलाफ स्कूल में सहकर्मियों से मारपीट के मामले सामने आये थे। इस मामले में पूर्व में अपराध दर्ज हो चुका है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।