प्लॉट बेचने के नाम पर 15 लाख की ठगी, महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर

THAGI

सरगुजा। जमीन बेचने के नाम पर 15 लाख रुपये लेकर रजिस्ट्री न करने और रकम वापस न करने की शिकायत पर पुलिस ने प्रभु विश्वकर्मा,पुष्पा पांडेय तथा विकेश विश्वकर्मा के विरुद्ध धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। तीनों गंगापुर खुर्द के रहने वाले हैं। आरोपी प्रभु विश्वकर्मा जमीन खरीद-बिक्री का धंधा करता है।

सुषमा कुमारी पति अजीत प्रसाद गुप्ता निवासी गंगापुरखुर्द कन्या परिसर रोड ने तीनों के विरुद्ध थाने में एफआइआर कराई है। पुलिस के अनुसार प्रभु विश्वकर्मा ने उर्मिला पाण्डेय की जमीन बिक्री करवाने का सौदा कराया था। ग्राम सोनपुरकला अंबिकापुर स्थित जमीन का सौदा 30 लाख रुपये में तय किया गया था। सौदे के तहत 19 अक्टूबर 2022 को पांच लाख रुपये नकद एडवांस दिए गए। इसके बाद विकेश विश्वकर्मा के बैंक खाता में एक लाख रुपये फोन-पे से ट्रांसफर कराया। इसी तरह कुल 15 लाख रुपये प्रभु विश्वकर्मा के माध्यम से दिया गया।

सुषमा कुमारी ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने पर आरोपी द्वारा दस्तावेज तैयार कराने के बहाने टाल-मटोल करते रहा। जब वह स्वयं रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची तो कोई दस्तावेज जमा नहीं मिला। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के अधिवक्ता द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस भी तीनों आरोपियों ने लेने से इनकार कर वापस कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रभु विश्वकर्मा, उर्मिला पांडेय और विकेश विश्वकर्मा निवासी गंगापुरखुर्द के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि उसने जीवन भर की कमाई और परिवार से उधार लेकर यह रकम दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।