जांजगीर-चांपा में करोड़ों का शेयर ट्रेडिंग घोटाला, फरार आरोपी पर लुक आउट सर्कुलर

जांजगीर-चांपा : शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी कर फरार हुए आरोपी के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है। साथ ही आरोपी के संबंध में पता बताने वालों के लिए नंबर जारी किया गया है।
आरोपी पीयूष जायसवाल (21 वर्ष) पिता पारेश्वर जायसवाल निवासी ग्राम पोडीशकर थाना बम्हनीडीह ने कोरबा सहित जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई। थाने में शिकायत दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ थाना बम्हनीडीह में धारा 420, 406, 34 भारतीय दंड संहिता (IPC) तथा थाना चांपा में धारा 318(4), 316(2), 111(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किए गए थे। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, किंतु अभियोग पत्र प्रस्तुत होने के बाद से आरोपी न्यायालय में लगातार अनुपस्थित है।
आरोपी के विरुद्ध थाना चांपा में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर न्यायालय से परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के प्रकरण में तथा कोरबा स्थित माननीय न्यायालय से प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।
आरोपी के लगातार फरार रहने व न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय भारत सरकार के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, ताकि देश के किसी भी एयरपोर्ट, बंदरगाह अथवा अंतरराष्ट्रीय सीमा से उसके आवागमन पर निगरानी रखी जा सके।
जांजगीर चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर के मोबाइल नंबर 94791-93199 या थाना चांपा प्रभारी 79874- 60292 को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।