साइबर जाल में फंसा वकील, फेसबुक के जरिए दोस्ती कर दो महिलाओं ने ठगे 47.60 लाख रुपये

fraud

बिलासपुर। बिलासपुर शहर के सरकंडा क्षेत्र में साइबर ठगी की एक बड़ी घटना सामने आई है। फेसबुक पर दोस्ती कर दो शातिर महिलाओं ने एक वकील को ड्रॉप शिपिंग बिजनेस और फोरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 47.60 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित वकील की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजकिशोर नगर स्थित ओम टावर निवासी सुरेंद्र कुमार देवांगन (42) पेशे से वकील हैं। 10 जून को फेसबुक पर उनकी पहचान अदिति मल्होत्रा और प्रिया शर्मा नाम की दो महिलाओं से हुई। दोनों महिलाओं ने खुद को सालों से ड्रॉपशिपिंग बिजनेस और फोरेक्स ट्रेडिंग का स्पेशलिस्ट बताया और वकील को फर्जी वेबसाइट्स पर अकाउंट बनाने के लिए प्रेरित किया। आरोपी महिलाओं के झांसे में आकर वकील ने 14 से 20 जुलाई के बीच RTGS, NEFT, IMPS और UPI के जरिए विभिन्न खातों में कुल 47 लाख 60 हजार रुपए जमा करा दिए। जब वकील ने अपने जमा पैसे वापस निकालने का प्रयास किया, तो ठग महिलाओं ने कन्वर्जन फीस, प्रोसेसिंग चार्ज और गारंटी मनी के नाम पर और पैसों की मांग की। अतिरिक्त रकम देने से मना करने पर आरोपियों ने उनका ट्रेडिंग अकाउंट ही ब्लॉक कर दिया।

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि इन्हीं ठग महिलाओं ने इमलीभाठा सरकंडा निवासी मनोज कुमार कारके से भी इसी तरीके से 3 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

रीसेंट पोस्ट्स