शहर में बढ़ा मलेरिया का प्रकोप, मरीजों की संख्या 16 पहुंची, एक वार्ड में पीलिया के मामले भी आए सामने

malaria

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के औरापानी और केंदा गांव में मलेरिया के दो नए मरीज मिले हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया है। इसके साथ ही जिले में मलेरिया मरीजों की संख्या 16 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग स्कूलों और बालक-बालिका छात्रावासों में शिविर लगाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहा है। साथ ही बच्चों और ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयां वितरित कर सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है|

बिलासपुर शहर के मंगला में पीलिया के मामलों में लगातार बढ़ोतरी की शिकायतें मिल रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकांश घरों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग पीलिया से प्रभावित हैं।

पीलिया से पीड़ित कई मरीजों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है, कुछ ऐसे भी लोग हैं, जो मेडिकल दुकानों से दवा लेकर खा रहे हैं। कुछ ऐसे भी परिवार हैं, जो दवा के साथ-साथ झाड़-फूंक का भी करा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगला बस्ती में पिछले कई दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है।

इससे पहले भी पीलिया की शिकायत मिलने पर पार्षद रमेश पटेल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को जानकारी दी थी। इसके बाद मितानिनों के माध्यम से घर-घर सर्वे कराया गया था। जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी ने बताया कि मंगला में काफी पहले पीलिया की शिकायत मिली थी। मितानिनों ने दूषित पानी को इसकी वजह बताया था। इसके बाद वहां से कोई नई सूचना नहीं मिली। बुधवार को पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी।

जिला मलेरिया कार्यालय में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले चार कर्मचारियों को सोमवार से मलेरिया अधिकारी अपने साथ फील्ड में ले गए हैं। एक महिला कर्मचारी को बिना सूचना गैरहाजिर रहने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दो अन्य कर्मचारियों को कोटा क्षेत्र के गांवों में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सर्वे के लिए भेजा गया है। जिला मलेरिया अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी मलेरिया की शिकायत मिले, वहां तत्काल पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी का कहना है, मंगला में काफी पहले पीलिया की शिकायत मिली थी। मितानिनों ने दूषित पानी को इसकी वजह बताया था। इसके बाद वहां से कोई नई सूचना नहीं मिली। बुधवार को पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी।

रीसेंट पोस्ट्स