संजय दत्त का जन्मदिन मनाने के लिए हाई कोर्ट पहुंचा प्रशंसक, कोर्ट ने शर्तों के साथ दी अनुमति

1154216-hc-high-court

बिलासपुर : बॉलीवुड स्टार संजय दत्त के एक जबरा फैन का अपने पसंदीदा अभिनेता के लिए ऐसा जुनून देखने को मिला कि बर्थडे सेलिब्रेशन की अनुमति नहीं मिलने पर वह सीधे हाई कोर्ट पहुंच गया। अब छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सशर्त अनुमति देते हुए साफ कहा है कि आयोजन सार्वजनिक सड़क पर नहीं, बल्कि निजी परिसर में ही होगा।

दरअसल, प्रशंसक गुरुदेव अवस्थी ने 29 जुलाई को संजय दत्त का जन्मदिन मनाने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। लेकिन पिछले साल शहर के बीचोंबीच हुए सेलिब्रेशन के दौरान ट्रैफिक जाम और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनने का हवाला देते हुए एसडीएम ने आवेदन खारिज कर दिया था।

इसके बाद मामला हाई कोर्ट पहुंचा। सुनवाई में याचिकाकर्ता ने भरोसा दिलाया कि इस बार कार्यक्रम बिलासपुर से करीब 7 किलोमीटर दूर कोनी स्थित एक निजी क्लब के बंद हॉल में होगा और सभी नियमों का पालन किया जाएगा। इसके बाद हाई कोर्ट ने सशर्त मंजूरी दे दी।

गौरतलब है कि पिछले साल संजय दत्त के बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान सड़क जाम होने पर हाई कोर्ट ने जिला प्रशासन को फटकार भी लगाई थी। इस बार अदालत ने साफ कर दिया कि जश्न मनाइए, लेकिन आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

रीसेंट पोस्ट्स