जाति प्रमाण पत्र प्रकरण में विधायक रामकुमार टोप्पो को बड़ी राहत, जांच में मिली क्लीन चिट

Ramkumar-Toppo

Sitapur MLA Ramkumar Toppo: छत्तीसगढ़ के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो को उनके जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित रायगढ़ जिला प्रशासन की जांच समिति ने करीब ढाई साल की जांच पूरी करने के बाद अपनी रिपोर्ट में विधायक को क्लीन चिट दे दी है। समिति ने शिकायत को निराधार मानते हुए प्रकरण का निराकरण कर दिया है।

जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेजी या प्रमाणिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके। सभी उपलब्ध दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच के बाद समिति ने विधायक रामकुमार टोप्पो के जाति प्रमाण पत्र को सही माना। रिपोर्ट में कहा गया है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर शिकायत की पुष्टि नहीं होती। इसलिए मामले का निराकरण कर दिया गया।

यह मामला वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान दायर एक याचिका के बाद सामने आया था। इसके बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर रायगढ़ जिला प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया। समिति ने सभी संबंधित पक्षों से दस्तावेज और जानकारी जुटाई। इसके बाद विस्तृत जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी।

जांच रिपोर्ट आने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि उन्होंने पूरी जांच प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग किया। उन्हें शुरू से विश्वास था कि जांच में सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों ने जानबूझकर उनके जाति प्रमाण पत्र पर सवाल उठाए थे। हालांकि, जांच में सभी तथ्य स्पष्ट हो गए और उनका पक्ष सही साबित हुआ। जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद विधायक के समर्थकों ने खुशी जताई है। उनका कहना है कि राजनीतिक कारणों से बिना पर्याप्त तथ्यों के शिकायत की गई थी, लेकिन निष्पक्ष जांच में सच्चाई सामने आ गई।

रीसेंट पोस्ट्स