ग्रिल तोड़कर भागे 8 नाबालिग, महासमुंद बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महासमुंद : महासमुंद जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि सभी किशोर देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर परिसर से बाहर निकल गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है तथा फरार नाबालिगों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फरार हुए सभी नाबालिग पिछले चार से पांच महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक किशोर दुष्कर्म, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य पर एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न अपराध दर्ज हैं। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और पड़ोसी राज्य ओडिशा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बताया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
यह पहली बार नहीं है जब इस बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिग फरार हुए हों। करीब दो वर्ष पहले भी यहां से बच्चों के भागने का मामला सामने आया था। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस फरार नाबालिगों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।