रेलवे ने बढ़ाई सुविधा: इन यात्रियों के लिए किराए में 50-75% तक की छूट, अब घर बैठे बनवाएं रेलवे आईडी कार्ड

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल ने दिव्यांग यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम और सम्मानजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। अब दिव्यांग यात्रियों के लिए रियायती रेल टिकट प्राप्त करने हेतु आवश्यक दिव्यांग आईडी कार्ड की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। इससे कार्ड बनवाने के लिए रेलवे कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
रेलवे के अनुसार, दिव्यांगजन भारतीय रेल के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान नाम, जन्मतिथि, चिकित्सकीय विवरण सहित आवश्यक जानकारी भरने के साथ निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, रियायत प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और पहचान पत्र जैसी स्वप्रमाणित प्रतियां अपलोड करनी होंगी।
ऑनलाइन आवेदन के प्रत्येक चरण की जानकारी आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। आवेदन स्वीकृत होने के बाद दिव्यांगजन अपना आईडी कार्ड स्वयं डाउनलोड और प्रिंट कर सकेंगे। दृष्टिबाधित एवं अन्य पात्र दिव्यांग यात्रियों के लिए आवश्यक रियायत प्रमाण पत्र भी पोर्टल से डाउनलोड कर जिला चिकित्सालय से प्रमाणित कराने के बाद पुनः अपलोड किया जा सकेगा।
दिव्यांग यात्रियों को मिलेगी सुविधा
– द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और 3AC में 75 प्रतिशत तक किराया छूट।
– प्रथम एसी (1AC) और द्वितीय एसी (2AC) में 50 प्रतिशत किराया छूट।
– राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस की सभी श्रेणियों में 25 प्रतिशत किराया छूट।
– पात्र दिव्यांग यात्रियों के साथ यात्रा करने वाले एक सहचर (Escort) को भी नियमानुसार समान किराया रियायत का लाभ मिलेगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा कि ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से दिव्यांग यात्रियों का समय बचेगा, बार-बार रेलवे कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे आसानी से रियायती रेल टिकट का लाभ उठा सकेंगे।
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर रेल मंडल ने वर्ष 2025 में 410 ऑनलाइन दिव्यांग आईडी कार्ड जारी किए थे, जबकि जुलाई 2026 तक 236 कार्ड जारी किए जा चुके हैं। रेलवे का कहना है कि भविष्य में भी दिव्यांगजनों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका