इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्यार बना मौत की वजह: प्रेमी ने हत्या कर तालाब में फेंका शव, रायपुर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

instagram_murder_featured_250kb
रायपुर : राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में चल रहे विवाद और बेवफाई के शक के चलते उसके प्रेमी करण तांडी ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को तालाब में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, नंदनी और करण की पहचान करीब तीन वर्ष पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। जांच में सामने आया है कि आरोपी को नंदनी पर बेवफाई का शक था, जिसके कारण दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी शव को WRS कॉलोनी स्थित तालाब में फेंककर फरार हो गया। मंगलवार को तालाब में युवती का शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन की मदद से मृतका की पहचान नंदनी जैन के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी करण तांडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के संबंध में विस्तृत खुलासा देर शाम तक किया जा सकता है।

रीसेंट पोस्ट्स