अनाचार मामले में समझौते के लिए दबाव डालने का आरोप, सरपंच समेत 7 आरोपी नामजद

FIR

सरगुजा : सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से कथित अनाचार के मामले में अब समझौते के लिए दबाव बनाए जाने का नया मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार पर 8 लाख रुपये में समझौता करने का दबाव बनाने के आरोप में ग्राम पंचायत भफौली के सरपंच जगजीवन राम समेत 7 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

शिकायत के मुताबिक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गांव के कुछ लोगों ने पीड़ित परिवार पर समझौते के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।

आरोप है कि मामले को खत्म करने के लिए 8 लाख रुपये में समझौता करने को कहा गया। इसके लिए गांव में बैठक बुलाई गई और भरी सभा में समझौते का पंचनामा तैयार कर पीड़ित पक्ष से हस्ताक्षर भी कराए गए।

यह मामला 13 वर्षीय किशोरी से कथित बलपूर्वक अनाचार से जुड़ा है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी तरुण जायसवाल को पहले ही बिहार के पटना से गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद अब समझौते के दबाव वाला मामला सामने आया है।

पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने सरपंच जगजीवन राम सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इन सभी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 249(B), 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 21(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। धारा 21(2) पॉक्सो में अपराध की जानकारी छिपाने या समझौते का दबाव बनाने से जुड़ी है।

फिलहाल इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस साक्ष्यों और बयानों के आधार पर जांच कर रही है।

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि समझौते के लिए दबाव बनाने में और कौन-कौन शामिल थे और बैठक में वास्तव में क्या हुआ था। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रीसेंट पोस्ट्स