तिरंगा यात्रा को लेकर राजधानी में ट्रैफिक डायवर्जन, 4 घंटे प्रभावित रहेगा यातायात; देखें पूरा रूट

Tiranga yatra - 10

रायपुर : स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में सोमवार, 10 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक जाने वाली इस यात्रा में 5 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के चलते शहर के बीचोंबीच करीब 2 किलोमीटर के हिस्से में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। पुलिस ने सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने की तैयारी की है। यात्रा के दौरान बूढ़ेश्वर चौक से मोतीबाग चौक के बीच वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पुलिस के मुताबिक, यात्रा खत्म होने के बाद भी सड़क को सामान्य होने में समय लग सकता है। ऐसे में कुछ मार्गों पर दोपहर ढाई बजे तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

तिरंगा यात्रा सुबह 10 बजे इंडोर स्टेडियम से रवाना होगी। इसके बाद गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम मुख्यालय रोड, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोककर वैकल्पिक रास्तों से ट्रैफिक निकाला जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोमवार को इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालक पहले से वैकल्पिक मार्ग तय कर लें। डायवर्जन के कारण सामान्य यात्रा की तुलना में करीब 10 से 15 मिनट अतिरिक्त समय लग सकता है।

बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा बिजली ऑफिस की ओर: वाहन बूढ़ा तालाब, परिक्रमापथ, पुलिस लाइन गेट और कालीबाड़ी होकर जाएंगे।

शास्त्री चौक से महिला थाना चौक की ओर: मोतीबाग, राजभवन चौक, काली माता मंदिर तिराहा, ओसीएम चौक, महिला थाना चौक और कालीबाड़ी होकर आवाजाही होगी।

कालीबाड़ी से कोतवाली चौक की ओर: वाहन कालीबाड़ी चौक, महिला थाना चौक, ओसीएम चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक होकर जाएंगे।

सदर बाजार से बूढ़ापारा की ओर: वाहन सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट के रास्ते जाएंगे।

पुरानी बस्ती से मोतीबाग की ओर: कंकालीपारा, तात्यापारा, शारदा चौक, जयस्तंभ चौक और शास्त्री चौक होते हुए मोतीबाग की तरफ जा सकेंगे।

तिरंगा यात्रा का असर आसपास के करीब 6 वार्डों पर पड़ने की संभावना है। यात्रा मार्ग के आसपास स्वामी विवेकानंद, मौलाना अब्दुल रऊफ, महामाया मंदिर, ब्राह्मणपारा और महंत लक्ष्मी नारायण दास समेत आसपास के इलाके आते हैं। इन क्षेत्रों में करीब 15 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं।  यह शहर का घनी आबादी वाला हिस्सा है और आसपास बड़ा बाजार भी है। सोमवार को सामान्य कामकाज के दौरान यहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। पुलिस के अनुमान के मुताबिक, पीक आवर्स में इस हिस्से से करीब 6 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। ऐसे में डायवर्जन के कारण आसपास की सड़कों पर दबाव बढ़ने की आशंका है।

रीसेंट पोस्ट्स