कर्ज उतारने शराब दुकान में लूट की साजिश, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, एक फरार

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के गतौरा स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 03 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कर्ज में लदे होने के कारण आरोपियों ने शराब भट्ठी में रखी नकदी रकम लूटने की योजना बनाई थी। लॉकर काटने के लिए गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी एवं चाकू सहित अन्य सामान की व्यवस्था की थी। आरोपियों ने पहले मोपका शराब भट्ठी में घटना को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन आसपास चहल-पहल होने के कारण वहां से निकलकर गतौरा शराब भट्ठी पहुंचे।
घटना के बाद आरोपियों द्वारा CCTV कैमरे का DVR नदी में फेंक दिया गया, ताकि पुलिस को साक्ष्य न मिल सके। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं स्कूटी, लूटे गए 02 मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छैनी एवं धारदार चाकू सहित अन्य औजार पुलिस ने जब्त किया है।
देवचरण सिन्हा, सुपरवाइजर, शासकीय कंपोजिट मदिरा दुकान गतौरा ने थाना मस्तूरी में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 03 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 03:30 बजे मदिरा दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय एवं हरकुंवर पंकज के पास अचानक 04 अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति पहुंचे। सभी आरोपी काले कपड़े पहने हुए थे। आरोपियों ने दोनों सुरक्षाकर्मियों के सिर एवं गर्दन पर धारदार चाकू अड़ाकर शराब दुकान की चाबी मांगी। सुरक्षाकर्मियों द्वारा चाबी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे एवं दाहिने हाथ पर धारदार हथियार से वार कर चोट पहुंचाई तथा दोनों सुरक्षा कर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आरोपियों ने शराब दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा ग्राइंडर कटर मशीन एवं छैनी के जरिए लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हो सके। नकदी रकम नहीं मिलने पर आरोपियों ने दुकान के काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के 02 मोबाइल फोन तथा CCTV कैमरा एवं DVR लेकर दोपहिया वाहनों से फरार हो गए।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज में लदे हुए थे। कर्ज से छुटकारा पाने एवं रुपए प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने अपने साथी अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, सुशील निर्मलकर एवं पिंटू निषाद के साथ मिलकर शराब भट्ठी में रखी नकदी रकम लूटने की योजना बनाई। योजना के तहत शराब दुकान के लॉकर को काटकर रकम निकालने के लिए गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी, चाकू सहित अन्य सामान की व्यवस्था की थी।
घटना के पहले चारों व्यक्ति देवरीखुर्द से सुशील निर्मलकर की नीले रंग की स्कूटी एवं पिंटू निषाद की मोटर साइकिल से निकले। चारों पहले बूटा पारा-फरहदा के रास्ते मोपका शराब भट्ठी पहुंचे। वहां आसपास अधिक चहल-पहल होने के कारण आरोपियों ने योजना को अंजाम नहीं दिया और चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा शराब भट्ठी पहुंचे।
गतौरा शराब भट्ठी पहुंचने के बाद आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित योजना के तहत सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर धमकाया गया, उनके साथ मारपीट की गई तथा हाथ-पैर बांधकर शराब दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। आरोपियों ने ग्राइंडर कटर मशीन एवं छेनी की सहायता से लॉकर काटने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं टूट सका। इसके बाद आरोपियों द्वारा शराब की बोतलें एवं सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन सहित CCTV कैमरा एवं DVR लेकर फरार होने की जानकारी दी। घटना के बाद पुलिस को CCTV फुटेज से कोई सुराग नहीं मिले, इस उद्देश्य से CCTV कैमरे का DVR नदी में फेंक दिया।
मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पतासाजी की जा रही है। उक्त फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में कार्यरत था तथा शासकीय शराब दुकानों से नकद राशि कलेक्शन का कार्य करता था। आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
- अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिता राजू ध्रुव, उम्र 24 वर्ष, निवासी सोनू पान सेंटर, देखरीखुर्द, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।
- पिंटू निषाद, पिता श्रवण निषाद, उम्र 25 वर्ष, निवासी धान मंडी के पीछे, तोरवा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।
- सुशील निर्मलकर, पिता कार्तिक निर्मलकर, उम्र 24 वर्ष, निवासी हेमूनगर अटल आवास, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।