छात्रों का फूटा गुस्सा, हायर सेकेंडरी स्कूल में तालाबंदी; प्रिंसिपल पर आरोपों के बाद हटाने की कार्रवाई

सूरजपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ सूरजपुर जिले के सिलफिली स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्राचार्य के दुर्व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया।
छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से कई पंखे खराब हैं और कक्षाओं में जरूरी सुविधाओं का अभाव है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। नाराज स्टूडेंट्स ने प्राचार्य के व्यवहार को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
स्कूल की एक महिला कर्मचारी ने भी प्राचार्य पर अभद्र व्यवहार और ऊंची आवाज में बात करने का आरोप लगाया। कुछ छात्राओं ने भी प्राचार्य पर दुर्व्यवहार और अनुचित व्यवहार का आरोप लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ के अलग-अलग बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है।
मामले की जानकारी मिलने पर लटोरी तहसीलदार और विकासखंड शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और स्टाफ से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। तहसीलदार ने बताया कि प्रथम जांच में सामने आई शिकायतों के आधार पर प्राचार्य को 15 दिनों के लिए स्कूल से हटाया गया है। आगे की जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों ने स्कूल की तालाबंदी और धरना समाप्त कर दिया। फिलहाल शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।