मुंबई से बस्तर की बाइक यात्रा बनी आखिरी सफर, ट्रेलर की टक्कर से महिला राइडर रिद्धि ठक्कर की मौत

बालोद। छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसे में महिला बाइक राइडर की मौत हो गई। महिला बाइक राइडर मुंबई की रहने वाली थीं और बाइक राइडर्स ग्रुप के साथ बस्तर जा रहीं थी। इसी दौरान उनकी बाइक ट्रेलर से जा टकराई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, महिला बाइक राइडर्स का नाम 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर (Bike Rider Riddhi Thakkar) था। महाराष्ट्र के मुंबई से 23 महिला बाइक राइडर्स का समूह बस्तर के लिए निकला था। ग्रुप में रिद्धि ठक्कर भी शामिल थीं। सभी धमतरी के आगे बालोद जिला के पुरूर क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान आज सुबह 6 बजे मरकाटोला के पास रिद्धि की बाइक सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और रिद्धि गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रिद्धि को कई जगह गंभीर चोट लगी थी, मौके पर काफी खून बह गया था|
ग्रुप की महिलाओं ने तत्काल गंभीर हालत में रिद्धि को धमतरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दीं।
इधर, गंभीर हालत में रिद्धि का उपचार शुरू किया गया। डाॅक्टरों ने इलाज के दौरान रिद्धि के मौत की पुष्टि की। पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साथ ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी दी हैं।
वहीं, इस हादसे के बाद से ही बाइक राइडर्स ग्रुप में मातम का माहौल है। राइडर्स ग्रुप की महिलाओं में साथी को खोने को लेकर शोक की लहर है। पुलिस घटना के संबंध में बाइक राइडर्स की महिलाओं से पूछताछ कर रही है। साथ ही हादसे को लेकर आगे की जाँच भी की जा रही है।