भाई-भाई के रिश्ते में आई दरार, कुल्हाड़ी से हमला कर किया घायल; सामने आई वजह

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर आगे की जांच कार्रवाई कर रही है।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के साईनगर बघेरा की है। साईनगर बघेरा में प्रार्थी थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी देवेन्द्र देवांगन व मृतक कैलाश देवांगन दोनों सगे भाई थे। दोनों भाइयों द्वारा चॉइस सेंटर का संचालन किया जाता था। पुराने चॉइस सेंटर के अधिक चलने को लेकर दोनों भाइयों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। इसी बात को लेकर हिसाब-किताब के संबंध में दोनों के बीच घटना वाले दिन विवाद हुआ था।
विवाद के दौरान आरोपी देवेन्द्र देवांगन द्वारा अपने छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे उसे गंभीर चोट लगने के कारण कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। प्रकरण में आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में लिया गया है तथा प्रकरण की आगे की जाँच की जा रही है।