रिश्वत के आरोपों के बीच IPS राहुल बंसल की मुश्किलें बढ़ीं, EWS प्रमाण पत्र की जांच की मांग

रायपुर : 2022 बैच के IPS अधिकारी राहुल बंसल के EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) श्रेणी के दावे और प्रमाणपत्र की वैधता को लेकर भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) में शिकायत दर्ज कराई गई है। आरटीआई एवं सोशल एक्टिविस्ट कुणाल शुक्ला ने ऑनलाइन शिकायत के माध्यम से UPSC में प्रस्तुत EWS प्रमाणपत्र और उसकी वैधता की जांच की मांग की है।
शिकायत में प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया के साथ-साथ संबंधित वित्तीय वर्ष में राहुल बंसल की आय और संपत्ति के आधार पर EWS श्रेणी के लिए उनकी पात्रता की जांच किए जाने की मांग की गई है। शिकायत का क्रमांक DOPAT/E/2026/0010832 बताया गया है।
अब इस शिकायत पर DOPT की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर रहेगी।
गौरतलब है कि IPS अधिकारी राहुल बंसल पर अंबिकापुर में ड्यूटी के दौरान एक साइबर फ्रॉड मामले को निपटाने के लिए कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के आरोप भी लगे हैं। आरोप है कि रिश्वत की रकम हवाला के जरिए दो किस्तों में पहुंचाई गई थी। इस मामले में दो अन्य पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता की बात भी सामने आई है।
हालांकि, EWS प्रमाणपत्र से संबंधित शिकायत और रिश्वत के आरोपों पर संबंधित जांच एजेंसियों की कार्रवाई एवं निष्कर्ष सामने आना बाकी है।