Ola-Uber यूजर्स के लिए जरूरी खबर, बुकिंग से पहले टिप नहीं दे पाएंगे यात्री, सरकार का बड़ा आदेश

रायपुर। अगर आप Ola, Uber या किसी दूसरे ऐप से कैब बुक करते हैं, तो अब बुकिंग से पहले टिप देकर राइड जल्दी कन्फर्म कराने का विकल्प नहीं मिलेगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कैब एग्रीगेटर्स को ऐसे सभी फीचर और मैसेज हटाने का निर्देश दिया है।
मंत्रालय ने 11 अगस्त की एडवाइजरी में साफ किया कि ‘एडवांस टिप’, ‘चूज एन एड ऑन’ या ‘जल्दी राइड कन्फर्म कराने के लिए ड्राइवर को टिप दें’ जैसे विकल्प यात्रियों को नहीं दिखाए जा सकते।
यानी कैब बुक करते समय यह संकेत नहीं दिया जा सकेगा कि एक्स्ट्रा पैसे देने पर राइड जल्दी मिलेगी, ड्राइवर जल्दी ट्रिप स्वीकार करेगा या सर्विस बेहतर होगी।
नियमों के मुताबिक टिप सिर्फ राइड पूरी होने के बाद और यात्री की इच्छा से दी जा सकेगी। टिप पूरी तरह ड्राइवर को मिलेगी और एग्रीगेटर उसमें कटौती नहीं कर सकेगा।
सरकार ने सभी कैब एग्रीगेटर्स को अपने ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की तुरंत समीक्षा कर नियमों के खिलाफ मौजूद फीचर हटाने के निर्देश दिए हैं।