ज्वेलर्स दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों का माल पार कर CCTV कैमरों का DVR भी ले गए

chori-logo_1640709752

सरगुजा : उत्तर छत्तीसगढ़ बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर मेन मार्केट में संचालित अरविंद ज्वेलर्स में रविवार की रात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी कर ली। चोरों ने दुकान में लगा CCTV का डीवीआर भी साथ ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

अरविंद ज्वेलर्स मेन मार्केट में स्थित है। यह अरविंद सोनी की दुकान है। भूतल पर दुकान और प्रथम तल पर सोनी परिवार का निवास है। रात में दुकान बंद कर परिवार के सदस्य सो गए थे। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तब शटर का ताला टूटा मिला और शटर ऊपर उठा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो गल्ले और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे।

चोरों ने पहले ताला तोड़कर शटर को ऊपर उठाया और फिर अंदर प्रवेश कर जेवरात ले गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। दुकान संचालक अरविंद सोनी ने बताया कि त्योहारी सीजन होने के कारण मरम्मत के लिए आए पुराने सोने-चांदी के जेवर भी दुकान में रखे थे। चोर नए के साथ पुराने जेवर भी ले गए। चोरी गए सामान का मिलान किया जा रहा है। मिलान के बाद ही कुल नुकसान की सही जानकारी मिल पाएगी। अभी तक चोरी की रकम का आंकलन नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुकान और आसपास के इलाके की जांच की। आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई। फुटेज में कुछ लोग चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए नजर आए। पुलिस को आशंका है कि वही लोग चोरी की घटना में शामिल हो सकते हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए बलरामपुर से खोजी डाग भी मंगाया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

बता दें, इससे पहले भी वाड्रफनगर में दीपक अलंकार ज्वेलर्स में चोरी की घटना हो चुकी है, जिसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

रीसेंट पोस्ट्स