1 करोड़ के जेवरात चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, 500 CCTV फुटेज के बाद ओडिशा से गहने जब्त; आरोपी फरार

news_thumbnail_250kb

सरगुजा। सरगुजा जिले में व्यापारी से 1 करोड़ की उठाईगिरी करने वाले आरोपी के घर ओडिशा में दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश में छत्तीसगढ़, झारखण्ड, ओडिशा के रास्तों पर लगे लगभग 500 सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला था। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो उठाईगिरी का मास्टरमाइंड चांटी दास फरार हो गया था। घर से लगभग 46 लाख की ज्वेलरी बरामद कर ली गई है। फिलहाल मामले में आरोपी चांटी दास और उसके साथी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक 26 अगस्त को पीड़ित अरूणदेव सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि हाईस्कूल सीतापुर के पास इनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेर्ल्स दुकान है। 26 अगस्त की सुबह 11ः30 बजे अपनी स्कूटी में ज्वेर्ल्स का बैग लेकर दुकान खोलने गया था। दुकान के पास स्कूटी में बैग रखकर दुकान का शटर खोल रहा था, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति के द्वारा स्कूटी के सामने रखे बैग को लेकर भाग गये। चोरी किये गये सोने-चांदी की ज्वेलर्स की कीमत अनुमानित करीब एक करोड़ है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्व कर जाँच में लिया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा SSP राजेश कुमार अग्रवाल के द्वारा ASP रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल व थाना सीतापुर की संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया। जाँच के दौरान घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर जांच की गई। फुटेज में दो मोटरसाइकिल में चार संदिग्धों द्वारा मिलकर व्यवसायी के कब्जे से बैग लेकर भागते हुए दिखे। सीसीटीव्ही के माध्यम से उनके रूट को फॉलो किया, जिनका रूट सरगुजा क्षेत्र के ग्राम गेरसा, जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, दीगर राज्य झारखण्ड क्षेत्र कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा व उड़िसा के सुन्दरगढ़ मिला।

जाँच के दौरान पुलिस टीम के द्वारा सभी संभावित स्थानों के करीब 500 सीसीटीव्ही फुटेज व तकनीकी विश्लेषण कर अवलोकन किया गया। प्राप्त सीसीटीव्ही फुटेज व हुलिया के आधार पर अलग-अलग राज्यों के पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदेहियों की पहचान की गई। मोटर साइकिल सवार चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा जिला गजाम उड़ीसा व नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर थाना कोटिनाडा जिला गंजाम उड़िसा के रूप में पहचान की गई।

आरोपियों की पहचान व जानकारी मिलने पर सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा ने संयुक्त टीम को आरोपियों की पता-तलाश हेतु गंजाम ओडिशा भेजा गया। साइबर सेल अबिकापुर व थाना सीतापुर की संयुक्त टीम द्वारा ओडिशा की स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों के ठिकानों पर 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान स्थानीय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही चांटी दास बीते रात 16 अगस्त को अपने घर आया था।

मुखबिर के सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम द्वारा संदेही चांटी दास के घर पहुंची, लेकिन घर पर ताला बंद था। मुखबिर की सूचना के आधार पर तलाशी ली गई। संदेही चांटी दास अपने घर पर नहीं मिला। संदेही के घर की तलाशी पर संदेही द्वारा अपने घर में सीतापुर के चोरी के जेवरात को छिपाकर रखे गए करीब 300.92 ग्राम सोने के आभुषण कीमत 43 लाख रूपये व चांदी के आभूषण करीब 1 किलो 168 ग्राम कीमत 3 लाख को जब्त किया गया।

आरोपी चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा जिला गजाम ओडिशा व नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर थाना कोटिनाडा जिला गंजाम उड़िसा एवं प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पता-तलाश की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स