छत्तीसगढ़ से सांसद रूपकुमारी चौधरी को अहम दायित्व, दीपक म्हस्के बने सोशल मीडिया प्रभारी

Rupkumari-Chaudhary-Deepak-Mhaske

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में लंबे समय से प्रस्तावित बदलाव को अब अमलीजामा पहना दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 17 अगस्त 2026 को नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी। जारी नियुक्ति सूची में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नितिन नबीन की नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। उनके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

बता दे कि इससे पहले स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर को राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका मिलने की चर्चाएं थीं। हालांकि जारी सूची में राष्ट्रीय महामंत्रियों के रूप में स्मृति ईरानी का नाम शामिल है, जबकि अनुराग ठाकुर का नाम इन तस्वीरों में दिखाई गई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में नहीं है।

नई टीम में छत्तीसगढ़ के लिए खास बात यह है कि भाजपा नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही नई टीम में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को, महिला मोर्चा की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को, ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को और किसान मोर्चा की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को दी गई है। इसके अलावा एससी मोर्चा के अध्यक्ष बिहार के शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा के अध्यक्ष राजस्थान के डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली बनाए गए हैं।


नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव, ओडिशा के बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा, गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती पवार, पंजाब के सरदार मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के प्रो. एम. नागराज, उत्तर प्रदेश के प्रो. तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल की डॉ. मधुचंद कर शामिल हैं।

भाजपा की नई टीम में 16 राष्ट्रीय मंत्रियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। सूची में मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, डॉ. भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जयदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव वर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश के नाम शामिल हैं।

भाजपा ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के तौर पर उत्तराखंड के अजीत बलूनी को जिम्मेदारी दी है। मीडिया सह-संयोजक के रूप में मध्य प्रदेश के आशीष उपाध्याय, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को नियुक्त किया गया है। वहीं सोशल मीडिया संयोजक के तौर पर छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी मिली है। उनके साथ महाराष्ट्र की प्रीति गांधी, दिल्ली के शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड के आलोक भट्ट और हरियाणा के अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

रीसेंट पोस्ट्स