पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की कार्रवाई से मचा हड़कंप, 8 अफसरों की टीम खंगाल रही दस्तावेज

ramgopal agrawal

धमतरी : धमतरी में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने दबिश दी। टीम कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के सिहावा रोड स्थित घर पहुंची है। सुबह करीब 7 बजे दो अलग-अलग वाहनों से ED के अधिकारी यहां पहुंचे। कार्रवाई को कथित शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़ी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। ED की टीम में सुरक्षा बल के जवानों समेत करीब 8 सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। ED के अधिकारी घर के अंदर दस्तावेजों और दूसरे जरूरी रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। फिलहाल टीम की कार्रवाई जारी है और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में कथित शराब, कोल और कस्टम मिलिंग मामलों की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। इससे पहले भी इन मामलों से जुड़े अलग-अलग लोगों और ठिकानों पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो चुकी है। रामगोपाल अग्रवाल को लेकर एक और बात चर्चा में रही है। जानकारी के मुताबिक, वह करीब तीन साल से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। इस दौरान उनके देश और विदेश में होने को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। जांच एजेंसियां उनकी लोकेशन के साथ-साथ उनसे जुड़े लोगों और कथित नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ का कथित शराब घोटाला पिछले कुछ वर्षों में जांच एजेंसियों की जांच के प्रमुख मामलों में रहा है। ED और EOW की जांच के मुताबिक, 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित तौर पर एक सिंडिकेट के जरिए अवैध शराब की बिक्री, कमीशनखोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया। जांच एजेंसियों के आरोपों के मुताबिक, इस कथित नेटवर्क के जरिए करीब 3,200 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। मामले की जांच में आईएएस अधिकारियों, आबकारी विभाग से जुड़े अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले में जांच एवं अदालती प्रक्रिया जारी है।

ED की मौजूदा कार्रवाई को सिर्फ शराब मामले तक सीमित नहीं माना जा रहा है। टीम कथित कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। फिलहाल ED की टीम रामगोपाल अग्रवाल के घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में क्या-क्या सामने आया और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

रीसेंट पोस्ट्स