मौसम विभाग का अलर्ट: अगले 3 दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर : छत्तीसगढ़ के लोगों को फिलहाल बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं। राज्य में अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बना रहेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार और इसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 20 अगस्त को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिलेगी। वहीं कुछ खास जिलों में तेज बौछारों के साथ-साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का भी जोखिम बना हुआ है। इसके बाद 21 और 22 अगस्त को भी कई इलाकों में पानी गिरता रहेगा, लेकिन उसका असर पहले से थोड़ा कम रहेगा।
छत्तीसगढ़ में बने इस सुहावने और बरसाती माहौल के पीछे एक मजबूत मौसमी सिस्टम काम कर रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर झारखंड और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बिहार व दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक अच्छी तरह से स्पष्ट निम्न दबाव (Low Pressure Area) का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही मानसूनी ट्रफ रेखा भी इस सिस्टम के केंद्र से गुजरती हुई सीधे बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस एक्टिव वेदर सिस्टम के कारण ही बंगाल की खाड़ी से भारी मात्रा में नमी छत्तीसगढ़ पहुंच रही है, जिससे राज्य भर में लगातार काले बादल मंडरा रहे हैं और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
20 अगस्त के मौसम की बात करें तो राजनांदगांव, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश की हलचल सबसे ज्यादा देखने को मिल सकती है। इन क्षेत्रों के कुछ इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। दूसरी तरफ, बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर समेत धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की उम्मीद जताई गई है।
20 अगस्त के बाद मौसम के मिजाज में थोड़ा बदलाव आ सकता है। 21 और 22 अगस्त को तेज या भारी बारिश की आशंका काफी हद तक घट जाएगी। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि बारिश थम जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ती रहेंगी। भारी बारिश का जो दौर पिछले कुछ दिनों से जारी था, उसकी रफ्तार अब थोड़ी धीमी पड़ जाएगी और लोगों को लगातार होने वाली मूसलाधार बारिश से थोड़ी राहत मिल सकेगी।
अगर राजधानी रायपुर के मौसम की बात करें तो 20 अगस्त को दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहने के आसार हैं। शहर के कुछ इलाकों में एक-दो बार गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। यहाँ का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।
बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मानसून मेहरबान रहा। सुकमा जिले के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के भी कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश देखने को मिली। वहीं, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में भी लगातार मूसलाधार बारिश हो रही हैं। तापमान की बात करें तो पेंड्रा रोड में मौसम काफी खुशनुमा रहा, जहाँ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।