पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने पड़ोसी को उतारा मौत के घाट, 7 घंटे छिपा रहा; मिर्ची के धुएं ने पहुंचाया पुलिस तक

maut

गरियाबंद : गरियाबंद में एक व्यक्ति को शराब की आदत और शक ने कातिल बना दिया. जिले के पेंड्रा गांव में सनकी आदमी ने पत्नी के घर छोड़कर मायके जाने से नाराज पति ने पड़ोसियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. जिससे एक की मौत हो गयी जबकि एक की हालत नाजुक है. उसे शक था पड़ोसियों ने ही पत्नी को भड़काया है.

पूरा मामला जिले के शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गाँव का है. वारदात मंगलवार (18 अगस्त) सुबह की है. मृतक की पहचान 38 वर्षीय खोलबहरा नागेश के रूप में हुई है. जबकि नरेंद्र सोरी (25) गंभीर रूप से घायल है. पड़ोस के रहने वाले 32 साल के हीरा नागेश ने दोनों पर हमला किया था.

जानकारी के मुताबिक़, हीरा नागेश शराब का आदी है. वह राजमिस्त्री का काम करता है. कुछ समय तक उसने शराब छोड़ने के लिए दवा भी ली थी. लेकिन वापस वह शराब पीने लगा था. इस वजह से उसका आयदिन पत्नी जागेश्वरी से विवाद होता रहता था. सोमवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था.

जिसके बाद गुस्से में पत्नी मंगलवार सुबह उसके उठने से पहले मायके चली गयी थी. जब वह उठा तो पत्नी घर पर नहीं थी. काफी ढूंढने पर भी पत्नी नहीं मिली तो उसे पड़ोसियों पर शक हुआ कि उन्होंने ने ही पत्नी को घर छोड़ने के लिये भड़काया है. इसी को लेकर वह पड़ोसियों से झगड़ने लगा.

विवाद इतना बढ़ा कि उसने खोलबहरा और नरेंद्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. जिससे खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि नरेंद्र घायल हो गया. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गयी. घायल को इलाज के अस्पताल भेजा गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.

दूसरी तरफ पुलिस के आने पर आरोपी घर में छिप गया. आरोपी ने गुलेल से हमला किया जिससे कुछ जवान चोटिल भी हुए. जिसके बाद मैनपुर पुलिस और एसडीओपी समेत 2 थानों के 50 से ज्यादा जवानो ने घर की घेराबंदी की. लेकिन आरोपी नहीं निकला. उसे निकालने के लिए पुलिस ने छत के रास्ते से मिर्ची का धुआं छोड़ा और जैसे ही वो निकला उसे 7 घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है.