पत्नी और प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देख पति ने खोया आपा, कर दी दोनों की हत्या

सरगुजा। सरगुजा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमी के साथ पत्नी को देख गुस्साए पति ने दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। घटना अंबिकापुर जिले के मैनपाट की है।
जानकारी के मुताबिक, कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी दारापारा निवासी बाबूलाल मझवार 35 वर्ष रोज की तरह खेत गया था। रात में जब घर लौटा तो पत्नी मौजूद नहीं थी, जिसके बाद खोजते हुए रिश्तेदार सोमरू मझवार के घर पहुंचा। इस दौरान सोमरू घर पर नहीं था, लेकिन पत्नी गांव के ही बेंजे बड़ा के साथ कमरे में बैठकर आपत्तिजनक हालत में शराब पी रही थी।
युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख आरोपी बाबूलाल अपना आपा खो बैठा और मारपीट करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी बाबूलाल ने घर में रखे फावड़े से पत्नी और उसके प्रेमी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद खून से लथपथ दोनों को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गया। सुबह घर मालिक सोमरू मझवार जब अपने निवास पहुंचा तो खून से लथपथ दोनों के शव को देखकर हैरान रह गया। इधर, गांव में हत्या की खबर फैलते ही सनसनी मच गई|
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा हैं कि घटना के दौरान आरोपी भी शराब के नशे में था।
फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। हर कोई दोहरे हत्याकांड को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहा है।