CIMS में NEET UG काउंसलिंग शुरू, MBBS की 150 सीटों पर प्रवेश; ऑल इंडिया कोटे में 22 सीटें

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान CIMS में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MBBS में एडमिशन के लिए काउंसलिंग गुरुवार 20 अगस्त से शुरू हो रही है। इस वर्ष संस्थान की 150 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 22 सीटें ऑल इंडिया कोटा, 124 सीटें राज्य कोटा और 4 सीटें सेंट्रल पूल के लिए निर्धारित है। ऑल इंडिया कोटा की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी MCC, नई दिल्ली तथा राज्य कोटे की काउंसलिंग छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन DME रायपुर के नियमों और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। अभ्यर्थियों को पंजीयन, चॉइस फिलिंग, सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन, शुल्क भुगतान और प्रवेश की प्रक्रिया तय समय-सीमा में पूरी करनी होगी।
अखिल भारतीय कोटा में सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थियों को सीट स्थिर रखने अथवा उन्नयन का विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। सीट स्थिर रखने का विकल्प चुनने पर आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी और आगे सीट उन्नयन का विकल्प नहीं रहेगा। उन्नयन का विकल्प चुनने पर आगामी चरण में बेहतर सीट मिलने की संभावना बनी रहेगी। अंतिम अथवा रिक्त सीट पूर्ति चरण में सीट मिलने पर अभ्यर्थी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित संस्थान में प्रवेश लेकर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करना होगा।
प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए सिम्स में काउंसलिंग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को डीन डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने काउंसलिंग हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीन ने कहा काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस दौरान डॉ. भूपेंद्र कश्यप, प्रवेश प्रक्रिया नोडल अधिकारी डॉ. सागरिका प्रधान, डॉ. सचिन पाण्डेय, डॉ. कमलजीत बासन, डॉ. के.सी. नाथानी, संकर्षण गुप्ता, विश्वामित्र कश्यप एवं पुष्पराज पोर्ते मौजूद रहे।